
Chandauli News: चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुरिया गांव में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 11 हजार वोल्ट का जर्जर बिजली तार टूटकर गिरने से 42 वर्षीय संजय यादव की मौत हो गई। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब अचानक हाई वोल्टेज तार उनके ऊपर गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
परिजन तत्काल संजय यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर नागेंद्र कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के परिवार में पत्नी हीरावती और मां माधुरी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि दूसरा स्नातक का छात्र है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
शिकायत के बावजूद नहीं बदले गए तार
गांव के लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर बिजली तारों को बदलने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
बिजली विभाग और पुलिस ने क्या कहा
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने भी इस घटना के लिए बिजली विभाग की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग के जेई राजेश कुमार ने भी तार गिरने से हुई मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ALSO READ – घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, शव को 90 किमी दूर फेंका, आरोपी पति और पिता गिरफ्तार
